कोमाखान पेट्रोल पंप के सामने शराबी युवकों का तांडव, मजदूर व भाई पर हमला
कोमाखान। थाना कोमाखान क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में दो युवकों ने बेवजह गाली-गलौच कर मजदूर और उसके भाई के साथ मारपीट कर दी। घटना में एक युवक को नुकीली वस्तु से गंभीर चोट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टोंगोपानी निवासी पीड़ित, जो मजदूरी का कार्य करता है, दिनांक 12 दिसंबर 2025 की रात करीब 7:30 बजे सुवरमाल मंडी से हेमाली काम कर अपने छोटे भाई दुलार ठाकुर एवं गांव के ओमन, नेपाल और भुषण के साथ घर लौट रहा था। कोमाखान पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने के दौरान पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर शाहिल खान एवं रिंकू चंद्राकर ने शराब के नशे में पीड़ितों के साथ अश्लील गाली-गलौच शुरू कर दी।
गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्के और डंडे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई दुलार ठाकुर के बाएं हाथ की गदेली में किसी नुकीली वस्तु से गंभीर चोट आई, जिससे खून बहने लगा। वहीं पीड़ित को भी हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शी ओमन, नेपाल और भुषण ने बीच-बचाव किया।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी देकर फरार हो गए। मामले में थाना कोमाखान में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने धारा 115(2), 296, 3(5) व 351(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।



