महासमुंद/ तेंदुकोना सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, तेज व लापरवाही से बाइक चलाने वाले चालक पर अपराध दर्ज
महासमुंद। थाना तेन्दूकोना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने तेज व लापरवाही से वाहन चलाने वाले बाइक चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना तेन्दूकोना के मर्ग क्रमांक 37/2025 धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक छत्तर सिंह निषाद (60 वर्ष) पिता गाडाराम, निवासी ग्राम गहनाभाठा, दिनांक 07 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 HW 6636 (सुपर एक्सएल) से अपने नाती भास्कर निषाद के साथ तेन्दूकोना से अपने गांव लौट रहे थे।
जब वे ग्राम शिकारीपाली मेन रोड मंदिर के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 DW 6428 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छत्तर सिंह निषाद एवं उनका नाती सड़क पर गिर पड़े, जिससे छत्तर सिंह को गंभीर चोटें आईं तथा नाती भास्कर निषाद के पैर एवं शरीर में अंदरूनी चोटें आईं।
घटना के बाद दोनों को डायल 112 वाहन से बागबाहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छत्तर सिंह निषाद को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण सड़क दुर्घटना बताया गया है।
पुलिस जांच में यह निष्कर्ष निकला कि हादसा स्प्लेंडर प्लस बाइक चालक की उतावलेपन व उपेक्षापूर्ण वाहन चालन के कारण हुआ। उक्त चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस द्वारा मर्ग पंचनामा एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूर्ण कर मामले की विस्तृत जांच जारी है।



