बसना/ महाविद्यालयीन जीवन से गढ़ें अपना उज्ज्वल भविष्य — विधायक डॉ. संपत अग्रवाल
बसना। नगर के प्रतिष्ठित स्व. श्री जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने माँ सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान विधायक डॉ. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है। यही वह समय है जब विद्यार्थी अपने भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आपसी प्रेम और सामूहिक भावना को बढ़ाने का माध्यम भी है। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर शुभकामनाएं दी गईं। विधायक ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उपस्थित विद्यार्थियों एवं जनसमूह के साथ खुशियां साझा कीं।
इसके पश्चात शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण करते हुए विधायक ने कहा कि सफलता केवल जीत में नहीं, बल्कि प्रयास और भागीदारी में भी होती है। आज के प्रतिस्पर्धी युग में कौशल विकास, निरंतर सीखने की इच्छा और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने महाविद्यालय की विभिन्न मांगों एवं अधोसंरचना विकास के विषय पर चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं तथा महाविद्यालय की सुविधाओं के विस्तार हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मोहित पटेल, जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, मंडल महामंत्री दीपक शर्मा एवं सरोज पटेल, विधायक प्रतिनिधि कामेश बंजारा, भाजपा कोषाध्यक्ष अमृत चौधरी, प्राचार्य एस. के. साव, सहायक प्राध्यापक एन. के. प्रधान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



