बसना : भंवरपुर पुलिस की कार्रवाई: सारंगढ़-बिलाईगढ़ व शक्ति के तीन आरोपी गिरफ्तार, 25 बैल बरामद
महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी भंवरपुर पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए 25 बैलों को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौकी भंवरपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजेश कुमार सोनी अपनी टीम के साथ 16 मार्च 2026 की सुबह जुर्म-जरायम की पतासाजी के लिए क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी संख्या में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल हांककर बड़ेसाजापाली रोड ग्राम झारबंद की ओर से ओडिशा की तरफ कत्लखाने ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां तीन व्यक्ति कई मवेशियों को पैदल हांकते हुए ले जाते मिले। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम छेडूलाल साहू (65) निवासी झुमका थाना सरसींवा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, पंचराम हरवंश (60) निवासी मिरौनी थाना हसौद जिला शक्ति तथा जगजीवन भास्कर (48) निवासी डोमाडीह थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।
मौके पर गवाहों के सामने मवेशियों की गिनती करने पर आरोपियों के कब्जे से 5 सफेद रंग के बैल, 18 लाल रंग के बैल और 2 सफेद-काले रंग के बैल सहित कुल 25 बैल बरामद किए गए। इन मवेशियों की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी जगजीवन भास्कर के कब्जे से जियो भारत कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1000 रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 5 लाख 1 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों से मवेशियों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में सभी 25 मवेशियों को जब्त कर लिया गया। मवेशियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु शल्य चिकित्सा अधिकारी बसना को प्रतिवेदन भेजा गया है तथा उन्हें गौशाला में रखने के लिए भी संबंधित विभाग को सूचना दी गई है।
आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध पाए जाने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को क्रमशः सुबह 4:10, 4:15 और 4:20 बजे गिरफ्तार कर लिया। मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच चौकी भंवरपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।



