बसना/ तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, शराब के नशे में था मृतक
बसना। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गंगाधर बरिहा (60 वर्ष) निवासी ग्राम कलीहारी, थाना सरसीवां, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है, जो वर्तमान में वार्ड क्रमांक 06 बसना में रह रहे थे। घटना 24 मार्च 2026 की रात करीब 10:20 बजे की बताई जा रही है।
घटना के बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसना में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल द्वारा जारी मेमो में मौत का कारण “RTA (रोड ट्रैफिक एक्सीडेंट) with alcoholic intoxication” बताया गया है, जिससे स्पष्ट है कि मृतक शराब के प्रभाव में था।
इस मामले की सूचना सीएचसी बसना के चौकीदार नरेन्द्र सिंह नेताम (32 वर्ष) द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग क्रमांक 42/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बसना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक पंकज बाघ द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल थाना बसना में सूचना दें, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



