बसना NH-53 पर मौत का रहस्य: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ली बाइक सवार की जान, साथी गंभीर घायल
बसना। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमय सड़क हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे घटना और भी संदिग्ध बन गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश जुवेल (52 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 01 बसना, अपने साथी राजू उर्फ फिरोज खान के साथ मोटरसाइकिल (CD डिलक्स CG04DZ5851) से बकरा लेने के लिए देहात की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे NH-53 पर सत्कार ढाबा के पास गति संकेत के करीब पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण टक्कर में मुकेश जुवेल को सिर, हाथ, पैर और कमर के नीचे गंभीर कुचलने जैसी चोटें आईं। वहीं पीछे बैठे राजू उर्फ फिरोज खान के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुकेश जुवेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राजू को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
सूचना पर थाना बसना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पंचनामा व गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a), 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल: आखिर वह अज्ञात वाहन कौन सा था, जिसने टक्कर मारकर एक जिंदगी खत्म कर दी और बिना रुके फरार हो गया? पुलिस अब आसपास के CCTV फुटेज और सुराग खंगाल रही है।



