बसना में पड़ोसी विवाद ने लिया खतरनाक मोड़: महिलाओं ने दी बच्चों को जान से मारने की धमकी, घर पर किया हमला!
बसना (महासमुंद)। थाना क्षेत्र के बैगनडीह गांव में पड़ोसी विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन महिलाओं पर गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थिया प्रियंका साहू (34 वर्ष) पति प्रदीप साहू, निवासी बैगनडीह, थाना बसना, ने दिनांक 27 मार्च 2026 को थाना पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली अरुणधती, सुजाता और रीता द्वारा लगातार उन्हें और उनके पति को अश्लील गालियां दी जाती हैं।
पीड़िता के अनुसार, 20 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे, तीनों आरोपियों ने न केवल गाली-गलौच की बल्कि टंगिया और हसिया जैसे हथियारों से उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपियों ने उनके खप्पर वाले घर की छत पर लाठी और पत्थर से हमला कर नुकसान पहुंचाया।
घटना की जानकारी पीड़िता ने गांव के कोटवार मोहनलाल एवं पटेल प्रकाश साहू को भी दी थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
👉 फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, और पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।



