तेंदुकोना थाना क्षेत्र के बुंदेली चौकी का मामला:महिला के सूने मकान से लाखों के सोने-चांदी के गहने पार, अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
🟦 महासमुंद |तेंदुकोना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बुंदेली के ग्राम रामनगर में एक महिला के सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर करीब 2 लाख 77 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया राधिका निषाद (46 वर्ष) निवासी रामनगर बुंदेली 30 मार्च की सुबह करीब 7 बजे महुआ बीनने जंगल गई थी। इसी दौरान घर में मौजूद उसके 11 वर्षीय पुत्र को एक अज्ञात व्यक्ति बहाने से घर से करीब 300 मीटर दूर ले गया। जब बालक वापस लौटा तो उसने घर का दरवाजा और आलमारी खुली देखी।
सूचना मिलने पर महिला घर पहुंची और जांच करने पर पाया कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने गायब हैं। चोरी हुए सामान में सोने का हार, झुमके, लॉकेट, मराठी माला तथा चांदी के पायल, करधन, बिछिया सहित कुल ₹2,77,000 के आभूषण शामिल हैं।
घटना की सूचना पारिवारिक सलाह के बाद दोपहर में थाना में दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(A) एवं 332(C) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस कार्रवाई:
प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है।
मामले की सूचना माननीय न्यायालय JMFC पिथौरा, जिला महासमुंद को भेज दी गई है।



