बसना: “तरेकेला में जमीन विवाद पर रास्ता रोककर महंत व साथियों से मारपीट, कार में तोड़फोड़, चार आरोपियों के खिलाफ थाना में मामला दर्ज
जिले के बसना थाना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम तरेकेला में गुरुवार रात पुरानी जमीन विवाद को लेकर जमकर बवाल हो गया। आरोपियों ने रास्ता रोककर संत (महंत) और उनके साथियों के साथ मारपीट की तथा उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महंत हरिशचंद दास (49 वर्ष) निवासी कबीर आश्रम केंदूढार, थाना सरायपाली, 02 अप्रैल 2026 को अपने साथियों गोपाल दास, रामकुमार दास, राजेश्वर दास एवं वाहन चालक भोला साकरे के साथ कार क्रमांक CG 10 NB 2300 से ग्राम तरेकेला पहुंचे थे। वे सभी गांव के रामप्रसाद साव के घर आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
पूजा कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग रात्रि करीब 09:15 बजे वापस कबीर आश्रम केंदूढार लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी कार ग्राम तरेकेला में आरोपी रिखीलाल निषाद के घर के सामने पहुंची, वहां पहले से मौजूद आरोपी रिखीलाल निषाद, नीलावती निषाद, हितलाल निषाद और युधिष्ठिर निषाद ने उनका रास्ता रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुरानी जमीन संबंधी विवाद तथा उनके खिलाफ गलत समाचार छपवाने और वीडियो वायरल करने के आरोप को लेकर प्रार्थी पक्ष से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का और डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में महंत हरिशचंद दास को मुंह, कान और पेट में चोटें आईं। वहीं गोपाल दास को सीने में, रामकुमार दास को बाएं कंधे में तथा राजेश्वर दास को बाएं हाथ (भुजा) में चोटें आईं।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रामप्रसाद साव को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उन्हें भी चोट पहुंची। घटना के प्रत्यक्षदर्शी हेमप्रसाद, लोचन सिदार और सूरज साव ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
आरोपियों का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उन्होंने प्रार्थी की कार CG 10 NB 2300 के सामने के हिस्से में तोड़फोड़ कर नुकसान भी पहुंचाया।
घटना की सूचना उसी रात लगभग 11:00 बजे थाना बसना में मौखिक रूप से दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 324(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।



