भंवरपुर पुलिस की 9 जुआरीयो पर कार्यवाही ₹1.36 लाख का सामान भी जब्त
महासमुंद जिले के थाना बसना अंतर्गत पुलिस चौकी भंवरपुर ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 07 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बनडबरी से संतपाली जाने वाले कच्चे रास्ते पर नीम पेड़ के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रूपयों का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश नंद के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 9 जुआरियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों में जीतराम चौहान, केशव साहू, होरीलाल राणा, विनय नायक, सीताराम राणा, बसंत कुमार निषाद, तुलसीराम राणा, उपेन्द्र नायक एवं रूकमन पटेल शामिल हैं, जो थाना सरायपाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास एवं फड़ से कुल ₹12,300 नगद, 8 नग मोबाइल (कीमत लगभग ₹30,000), 6 नग पुरानी मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹94,000), 52 पत्ती ताश एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹1,36,300 आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके पर विधिवत गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण जमानतीय होने के कारण आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस स्टाफ एवं गवाहों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।



