बसना से सनसनीखेज मामला: मददगार युवक पर हमला, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
बसना। वार्ड क्रमांक 10, गायत्री मंदिर के पीछे रहने वाले एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जहां एक शराबी युवक की मदद करना ही उसके लिए मुसीबत बन गया।
पीड़ित युवक ने बताया कि वह किराना दुकान में मजदूरी का काम करता है और कक्षा 9वीं तक पढ़ा-लिखा है। घटना दिनांक 14 अप्रैल 2026 की है, जब उसके मोहल्ले का सोनहर सोनवानी उर्फ छोटू अख्तर किराना दुकान के पास शराब के नशे में गिरा पड़ा था। मानवता के नाते युवक ने उसे उठाकर किनारे बैठाया, पानी पिलाया और उसके बड़े भाई महेन्द्र सोनवानी को मोबाइल से सूचना देकर बुलाया। बाद में उसकी मां और बहन उसे घर ले गए।
लेकिन इसी बात से नाराज होकर उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे पदमपुर रोड स्थित अख्तर किराना दुकान में काम के दौरान सोनहर सोनवानी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पूछने लगा कि उसके घरवालों को सूचना क्यों दी गई। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की।
इस मारपीट में पीड़ित को पीठ, गाल, गर्दन और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के दौरान मनोज टंडन, रामचंद्र सोनवानी सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



