बसना: लूट की वारदात का 2 घंटे में खुलासा, बसना पुलिस ने दबोचे आरोपी
महासमुंद, 22 अप्रैल। जिले के बसना थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 2 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी सामग्री भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राकेश सहिस (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 1 सरायपाली, ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 20 अप्रैल को अपने भाई की स्कूटी से भंवरपुर में आयोजित शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान गढ़पटनी रोड स्थित शराब भट्टी के पास दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले पैसों की मांग की और विरोध करने पर मारपीट कर उसके पास से 500 रुपये नकद, चांदी की चैन तथा एक मोबाइल पावर बैंक लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बसना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिरों की सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 2 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश पीटर (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11 बसना एवं मनीष सोनवानी (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 6 बसना शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर लूटी गई चांदी की चैन, 500 रुपये नकद एवं मोबाइल पावर बैंक बरामद कर लिया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अज्ञात लूट के मामले का शीघ्र खुलासा होने पर क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।



