भटगांव/रामपुर | 05 मई, 2026 – महासमुंद जिले के ग्राम रामपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक नशेड़ी युवक ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने ही वृद्ध माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल माता-पिता के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। छोटे भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पैसे के लिए किया खूनी संघर्ष
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम रामपुर निवासी प्रार्थी (जो भटगांव में निजी नौकरी करता है) ने बताया कि उसका बड़ा भाई डिग्रीलाल कोसरिया कोई काम-धाम नहीं करता और आए दिन घर में विवाद करता है। 01 मई की रात करीब 08:00 बजे आरोपी शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचा और अपने पिता जगदीश कोसरिया से पैसों की मांग करने लगा।
पाटा और डंडे से किया हमला
जब माता-पिता ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आवेश में आकर आरोपी डिग्रीलाल ने पास रखे डंडे और लकड़ी के भारी पाटा (पीड़हा) से अपने पिता और मां गणेशी बाई पर हमला कर दिया। प्रहार इतना तेज था कि पिता जगदीश के सिर पर गहरी चोट आई और मां के सिर, दोनों हाथों व दाहिने पैर से खून बहने लगा।
ग्रामीणों ने बचाई जान
घर के भीतर मचे शोर और चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले त्रिलोचन कोसरिया, तेजराम और आनंद कोसरिया मौके पर पहुँचे और बीच-बचाव कर वृद्ध दंपत्ति की जान बचाई। ग्रामीणों के आने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
कानूनी कार्यवाही
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डिग्रीलाल कोसरिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। घायल माता-पिता का मुलाहिजा कराया गया है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।



