बसना :- महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले आरोपी बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भुकेल निवासी मिनीकेतन पोर्ते पिता तेजराम पोर्ते उम्र 27 वर्ष, 02 फरवरी 2026 को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HD0801 बजाज प्लेटिना से बसना में दिवाल पुट्टी का काम करने गया था। काम खत्म होने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान NH-53 मार्ग स्थित जगत चौक भुकेल के पास पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HA5468 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मृतक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मिनीकेतन पोर्ते मोटरसाइकिल सहित डिवाइडर से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को उपचार के लिए डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रायपुर ले जाया गया, जहां उपचार दौरान उसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर थाना गोलबाजार रायपुर में मर्ग कायम किया गया था। बाद में मर्ग डायरी थाना बसना भेजी गई, जहां जांच के दौरान गवाहों एवं परिजनों के कथन लिए गए।
जांच में आरोपी बाइक चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना पाए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।



