बसना/ स्वच्छता जागरूकता रैली और घर-घर कचरा संग्रहण अभियान में शिक्षकों व विद्यार्थियों ने निभाई अहम भूमिका
बसना। जिले में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार के मार्गदर्शन में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जनपद पंचायत बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत बिछिया (पो) में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बिछिया (पो) के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। विद्यालय के शिक्षकों और बच्चों द्वारा गांव में एक विशाल स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे को इधर-उधर नहीं फेंकने तथा सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया।
घर-घर पहुंच रही स्वच्छता की मुहिम
ग्राम पंचायत की स्वच्छाग्राही समूह की महिलाएं प्रतिदिन सुबह गार्बेज रिक्शा के माध्यम से स्वच्छता संदेश एवं प्रेरणादायक गीतों के साथ ग्रामीणों के घरों तक पहुंच रही हैं और नियमित रूप से कचरा संग्रहण का कार्य कर रही हैं। संग्रहित कचरे को एसएलडब्ल्यूएम शेड (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र) में लाकर पृथक्करण किया जा रहा है। यहां सूखे और गीले कचरे को अलग करने के बाद प्लास्टिक कचरे को प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट गनेकेरा भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
ग्राम पंचायत बिछिया (पो) में इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सरपंच रीना गड़तिया, सचिव मेघनाद पटेल, जनपद सदस्य राजेश गड़तिया, विद्यालय प्रबंधन समिति, स्वच्छाग्राही दीदियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छ गांव बनाने का संकल्प लिया।



