ग्राम सभा में आवेदन फाड़ने को लेकर मारपीट, दो आरोपियों पर अपराध दर्ज
बसना/भंवरपुर। ग्राम बरेकेल में आयोजित ग्राम सभा के दौरान श्मशान भूमि से कथित अवैध कब्जा हटाने संबंधी आवेदन को लेकर विवाद हो गया। आवेदनकर्ता जयप्रकाश बघेल ने आरोप लगाया है कि दो व्यक्तियों ने आवेदन छीनकर फाड़ दिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1 बजे ग्राम बरेकेल के पंचायत भवन में हुई। शिकायतकर्ता जयप्रकाश बघेल ग्राम सभा में श्मशान भूमि से कब्जा हटाने संबंधी आवेदन लेकर पहुंचा था। जब ग्राम सचिव द्वारा आवेदन पढ़कर सुनाया जा रहा था, तभी महेन्द्र शेष और विनोद शेष ने कथित रूप से आवेदन छीनकर फाड़ दिया।
शिकायत में जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सहदेव पारेश्वर, सुनील चौधरी, सरपंच पति भीष्मनारायण चौहान और पंच राजू ने बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता ने चेहरे और गले पर चोट के निशान होने की बात भी कही है।
चौकी भंवरपुर से प्राप्त बिना नंबरी नालसी को थाना बसना भेजकर असल नंबरी अपराध कायम करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू की है।:::



