200 विभिन्न पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर
महासमुंद, 8 सितंबर 2026/ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र महासमुंद द्वारा जिले के शिक्षित एवं योग्य बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार मेला लाइवलीहुड कॉलेज, द्वितीय तल, पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर, ग्राम-बरोडाबाजार में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
उपसंचालक रोजगार डॉ. शशी अतुलकर ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा 10वीं, 12वीं, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण आवेदकों की भर्ती की जाएगी। स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, रजत इक्विपमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड एवं श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 200 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य नियोजकों के उपस्थित होने पर उन्हें भी रोजगार मेले में सम्मिलित किया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक एवं योग्य आवेदकों को निर्धारित स्थल एवं समय पर अपनी शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति एवं पासपोर्ट साइज के स्वयं के फोटो के साथ उपस्थित होना होगा। साक्षात्कार की प्रक्रिया में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप/वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना आवश्यक है। रोजगार मेले में भाग लेने की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। रिक्तियों की संख्या, पदवार आवश्यक योग्यता, वेतनमान एवं कार्यस्थल सहित अन्य विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र महासमुंद से संपर्क कर सकते हैं अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट छत्तीसगढ़ रोजगार वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



