महासमुंद/ तेज रफ्तार ‘छोटा हाथी’ ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, महिला की रीढ़ की हड्डी टूटी, चालक पर अपराध दर्ज
महासमुंद। ग्राम चिंगरौद निवासी मजदूर मिलन कुमार निषाद (34) अपनी पत्नी नीरा निषाद के साथ मोटरसाइकिल से घर लौटते समय भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना 7 जनवरी 2026 की शाम करीब 4.30 बजे बरोंडाबाजार स्थित राधा स्वामी भवन के पास हुई, जब पीछे से आ रही पिकअप ‘छोटा हाथी’ वाहन क्रमांक CG 04 QK 5215 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक क्रमांक CG 06 HF 0415 को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में मिलन कुमार निषाद को सिर, बांह और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी नीरा निषाद को बाईं आंख के पास, कमर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर व संघातिक चोटें आई हैं। महिला की रीढ़ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है, जिनका वर्तमान में सोहम अस्पताल, महासमुंद में उपचार जारी है।
घटना के संबंध में पीड़ित मिलन कुमार निषाद ने थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई। आवेदन के अवलोकन पर पुलिस ने पिकअप चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) BNS एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।



