तेन्दूकोना पुलिस की कार्रवाई: 50 पौवा देशी शराब व प्लेटिना बाइक जब्त, युवक गिरफ्तार
महासमुंद। थाना तेन्दूकोना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 पौवा देशी प्लेन शराब (शोले) एवं परिवहन में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 15 जनवरी 2026 को प्रधान आरक्षक व हमराह स्टाफ जुर्म जरायम पतासाजी पर शासकीय वाहन से ग्राम तेन्दूकोना हाईस्कूल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक काले-पीले-सिल्वर रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GY6202 में सामने की ओर शराब रखकर बिक्री हेतु ले जा रहा है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराकर गवाहों की उपस्थिति में मुखबिर पंचनामा तैयार कर कलमीदादर से पंडरीखार जाने वाली कच्ची सड़क पर महुआ पेड़ के पास घेराबंदी की गई।
कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल आते दिखाई दी, जिसे रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम अमीत जोगी पिता प्यारेलाल जोगी, उम्र 19 वर्ष, निवासी पचरी थाना पटेवा जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के सामने रखी सफेद प्लास्टिक बोरी में 50 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) कुल 9000 एमएल, अनुमानित कीमत करीब 4000 रुपये की बरामद की गई। आरोपी शराब एवं वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर शराब एवं मोटरसाइकिल (कीमत करीब 20 हजार रुपये) कुल 24 हजार रुपये की संपत्ति को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार नियमानुसार गिरफ्तार किया गया तथा परिजनों को सूचना दी गई।
थाना तेन्दूकोना पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



