बसना/ सरपंच-सचिव की गैरहाजिरी से पंचायत में हंगामा, मासिक बैठक के दिन पंचायत भवन पर लटका ताला
बसना/ बड़े टेमरी (ग्राम पंचायत) | 23 फरवरी 2026 ग्राम पंचायत बड़े टेमरी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब मासिक बैठक के लिए बुलाए गए पंच और उपसरपंच पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा मिला। जानकारी के अनुसार पंचायत की सरपंच श्रीमती जयंती जगत एवं सचिव श्री दुबराज साहू द्वारा आज दिनांक 23/02/2026 को मासिक बैठक बुलाई गई थी, परंतु निर्धारित समय पर दोनों ही अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं हुए।
बैठक में शामिल होने पहुंचे पंच एवं उपसरपंच काफी देर तक सरपंच और सचिव का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई नहीं आया। पंचायत भवन बंद होने से बैठक आयोजित नहीं हो सकी, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी गई। उपस्थित पंचों ने इसे पंचायत कार्यप्रणाली में लापरवाही बताते हुए कहा कि महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए बैठक आवश्यक थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पंच एवं उपसरपंचों ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न होने की मांग की है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर असंतोष व्याप्त है।



