विधानसभा पहुँचे बसना के छात्र: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की पहल से बच्चों ने समझा लोकतंत्र का पाठ
रायपुर। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की अनूठी पहल पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखीपाली (पिथौरा) के विद्यार्थियों को नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के नवीन विधानसभा भवन ‘मितान’ का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्रों ने विधानसभा की कार्यवाही को नजदीक से देखा और लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझा।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले विद्यार्थियों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल से मुलाकात कर विधानसभा भवन देखने और शासन के शीर्ष नेतृत्व से मिलने की इच्छा जताई थी। विधायक ने बच्चों की इस जिज्ञासा को गंभीरता से लेते हुए तुरंत व्यवस्था कराई और स्वयं उनके साथ मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहे।
भ्रमण का सबसे खास क्षण तब आया जब विद्यार्थियों की मुलाकात प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से हुई। मंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में अपार प्रतिभा होती है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की है। विधानसभा वह स्थान है जहाँ जनता से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं, इसलिए बच्चों को इसे करीब से देखना जरूरी है ताकि वे बड़े सपने देख सकें।
इस दौरान विद्यार्थियों ने सदन की भव्यता को निहारते हुए यह भी जाना कि एक विधायक किस प्रकार जनता की समस्याओं को सदन में उठाता है और कानून बनने की प्रक्रिया क्या होती है। इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों के भीतर लोकतंत्र, नागरिक कर्तव्यों और शासन व्यवस्था के प्रति नई समझ विकसित हुई।



