बसना/तेज रफ्तार ट्राइबर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर घायल – चालक पर मामला दर्ज
बसना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम फरफौद निवासी युवक ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दिनांक 27 फरवरी 2026 को शाम करीब 7:20 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल होंडा शाइन क्रमांक CG04 LU 2984 से अपने साथी भागवत यादव के साथ किसी काम से ग्राम गढ़पटनी जा रहा था।
बताया गया कि जब वे टाइल्स गोदाम के पास पहुंचे, उसी दौरान सामने से आ रही सफेद रंग की रेनाल्ट ट्राइबर क्रमांक CG04 MV 5981 के चालक ने वाहन को तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में पीछे बैठे भागवत यादव को दाहिने पैर और घुटने के पास गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बसना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स अस्पताल रायपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में घायल का इलाज रायपुर में जारी है।
पीड़ित की रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने ट्राइबर वाहन चालक के खिलाफ धारा 125(ए) बीएनएस एवं 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।



