बसना: तोषगांव में हिट एंड रन: शादी से लौट रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
बसना। थाना बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तोषगांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जनक नाग (52 वर्ष) पिता बुडो नाग, निवासी तोषगांव, 8 मार्च 2026 को गांव में अलेख प्रधान के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 9:30 बजे वह पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सतपत पब्लिक स्कूल तोषगांव के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल जनक नाग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान परिजनों एवं पंच गवाहों के कथन दर्ज किए गए, जिसमें घटना को हिट एंड रन बताया गया है। मामले में प्रथम दृष्टया वाहन चालक की लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।



