बसना/तेज रफ्तार बाइक का कहर: पैदल टहल रहे युवक की मौत, मामा घायल
बसना (महासमुंद)। थाना बसना क्षेत्र के ग्राम नरसिंगपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना 20 मार्च 2026 की रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नरसिंगपुर निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका बड़ा भाई रविन्द्र मिर्धा अपने मामा लेकरू मांझी के साथ खाना खाने के बाद रात में पैदल टहलने निकला था। इसी दौरान कुछ समय बाद पड़ोसी डमरू यादव ने घर पहुंचकर सूचना दी कि दोनों को एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG06HG0489) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से पीछे से टक्कर मार दी है।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो रविन्द्र मिर्धा सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा था। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं और खून बह रहा था। वहीं लेकरू मांझी को पीठ और पैर में चोटें आई थीं।
दोनों को तत्काल निजी एंबुलेंस से सेवा भवन अस्पताल, जगदीशपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रविन्द्र मिर्धा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल लेकरू मांझी का इलाज जारी है।
मामले में थाना बसना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ धारा 106(1), 125(a) और 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



