बसना थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लोकनाथ सिदार (35 वर्ष), निवासी ग्राम कोटगढ़, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोकनाथ सिदार 23 मार्च 2026 को अपने स्वयं के वाहन महिंद्रा जायलों (क्रमांक CG13C8703) से ग्राम धुपेनडीह से लमकसा बारात में शामिल होने गया था। बारात से लौटते समय देर रात लगभग 3 बजे जब वह ग्राम दुधीपाली स्थित सुरगीनाला पुल के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण वाहन से उसका नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित वाहन पुल से टकराकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसना लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बसना थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 40/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान विवेचक प्रधान आरक्षक चितरंजन साहू द्वारा मृतक के परिजनों एवं पंचनामा गवाहों से पृथक-पृथक पूछताछ कर बयान दर्ज किए गए। सभी ने अपने कथनों में बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना (RTA) का है, जिसमें चालक की स्वयं की लापरवाही सामने आई है। इस आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है। साथ ही मर्ग इंटिमेशन की सूचना एसडीएम बसना को भी भेज दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार का प्रमुख सदस्य था, जिसकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है।



