बसना: प्रेग्नेंट युवती बनी साजिश का शिकार: शादी के दबाव में प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, 6 घंटे में खुलासा
महासमुंद | 24 मार्च 2026
महासमुंद जिले के थाना बसना अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में हुई एक सनसनीखेज अंधी हत्या का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में युवती के प्रेमी ने ही शादी से मुकरने और बदनामी के डर से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले, जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला है। मृतिका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर सूक्ष्म जांच की गई और अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतिका के पिता से पूछताछ में एक अहम सुराग मिला। गांव के ही लोकनाथ पटेल (पिता कीर्तन लाल पटेल, उम्र 27 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि मृतिका गर्भवती थी और आरोपी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।
इसी आधार पर पुलिस ने संदेही लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि युवती के गर्भवती होने के बाद वह उस पर लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन वह समाज में बदनामी के डर से शादी नहीं करना चाहता था। इसी कारण उसने युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
दिनांक 23 मार्च 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच उसने युवती को बहला-फुसलाकर घर के पीछे खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पास पड़े एक भारी पत्थर से युवती के सिर को पटककर चेहरे पर
ताबड़तोड़ वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस जघन्य हत्या का जल्द खुलासा हो गया है, जिससे क्षेत्र में फैली सनसनी और दहशत पर भी नियंत्रण पाया गया है।



