बसना/सरायपाली टोल प्लाजा के पास मौत की रफ्तार! मां-बेटे की दर्दनाक मौत, पीछे से आई कार बनी काल
बसना/सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र में NH-53 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ग्राम बानीपाली निवासी एक युवक और उसकी मां की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर पहुंचने वालों के रोंगटे खड़े हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बानीपाली निवासी कमलेश कलेत उर्फ पिंटू अपनी माता राधिका कलेत के साथ मोटरसाइकिल (हीरो स्प्लेंडर क्रमांक CG06HD8563) से किसी कार्य से छुईपाली की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वे NH-53 पर टोल प्लाजा के पास ग्राम छुईपाली पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा XUV (क्रमांक OD02F8585) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायपाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी रमेश सारथी के अनुसार, कार चालक अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जहां मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने मामले में थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1)-BNS के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।



