बसना क्षेत्र से नाबालिग लापता: बहला-फुसलाकर भगाने की आशंका, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
महासमुंद। जिले के बसना थाना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र से एक नाबालिग बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बडेसाजापाली निवासी प्रार्थी देवानंद (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र (उम्र लगभग 16 वर्ष) दिनांक 26 मार्च 2026 को सुबह करीब 6:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया। परिजनों द्वारा आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों को संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी भंवरपुर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।
पुलिस का कहना है कि नाबालिग की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।



