बसना: सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका पर ब्लेड से हमला कर युवक ने 11 केवी खंभे पर चढ़कर जान देने की खबर ओडिसा का था मृतक
बसना: शादीशुदा प्रेमिका पर हमला कर युवक ने बिजली खंभे पर चढ़कर दी जान
बसना (महासमुंद)। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़फुलझर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमिका की शादी से आहत युवक ने पहले उस पर ब्लेड से जानलेवा हमला किया, इसके बाद 11 केवी बिजली खंभे पर चढ़कर करंट से आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजेश बरिहा (25 वर्ष), पिता आनंद , निवासी ग्राम कांदाडोंगर थाना झारबंद (ओडिशा) है। वह गढ़फुलझर में अपने रिश्तेदारों के यहां आता-जाता था, जहां उसका गांव की एक युवती से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था।
बताया जाता है कि युवती की शादी करीब 15 दिन पहले ओडिशा के चमारीडीह गांव में हो चुकी थी। इसके बावजूद युवक इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पा रहा था।
इसी दौरान गढ़फुलझर में मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मेला आयोजित था, जिसमें युवती अपने पति के साथ मायके आई थी। गुरुवार को दोनों की मुलाकात हुई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रात 2 से 3 बजे में युवक युवती के घर के पास पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान युवक ने आवेश में आकर सेविंग ब्लेड से युवती के गले और गाल पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद युवक गढ़फुलझर धान खरीदी केंद्र से करीब 200 मीटर दूर आमापाली मार्ग स्थित 11 केवी बिजली खंभे पर चढ़ गया और बिजली तार को छू लिया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खंभे के पास जली हुई लाश देखी, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल युवती को उपचार के लिए बसना अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना पर बसना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।



