बसना /तेज रफ्तार कार का कहर: साइकिल सवार बुजुर्ग सहित स्कूटी चालक घायल, आरोपी पर मामला दर्ज
बसना। नगर के जगदीशपुर रोड स्थित लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल सवार बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 03 निवासी घायल के पुत्र ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पिता रामकृष्ण बारिक शाम करीब 7:45 बजे साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कार क्रमांक CG06HB2066 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में उनके बाएं हाथ, कंधे एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, वहीं साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि उक्त कार चालक ने इससे पहले हरिओम फल दुकान के सामने एक स्कूटी (CG06GX5362) को भी टक्कर मार दी, जिसमें स्कूटी चालक विनया साहू घायल हो गईं। उन्हें भी परिजनों द्वारा उपचार हेतु शासकीय अस्पताल बसना में भर्ती कराया गया है।
घायल बुजुर्ग को उनके पुत्र द्वारा मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 125(ए)-BNS एवं 281-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।



