बसना में राशन दुकानों का नया आबंटन: 30 अप्रैल तक करें आवेदन, पारदर्शी प्रक्रिया से होगा चयन
महासमुंद,अनुविभाग बसना में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ और व्यवस्थित करने के उद्देश्य से शासकीय उचित मूल्य दुकानों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विभिन्न समितियों द्वारा संचालित कुछ उचित मूल्य दुकानों का समर्पण किया गया है, जबकि एक दुकान को निरस्त कर अस्थायी रूप से अन्य भंडार से संलग्न किया गया है।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति उड़ेला द्वारा संचालित लोहड़ीपुर (कोड 582005046) एवं जमदरहा (कोड 582005045) दुकानों का समर्पण किया गया है। इसी तरह प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति चनाट (पंजीयन क्रमांक 866) द्वारा संचालित दलदली (गढ़गांव) (कोड 582005032) दुकान भी समर्पित की गई है। वहीं ग्राम पंचायत सुखापाली द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान सुखापाली (कोड 582005075) को निरस्त कर वर्तमान में शिवम उपभोक्ता भंडार से अस्थायी रूप से जोड़ा गया है।
इन सभी दुकानों का पुनः आबंटन शासन के निर्देशानुसार पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की कंडिका 9 के तहत पात्र संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां, वन सुरक्षा समितियां, महिला स्व सहायता समूह, ग्राम पंचायतें एवं अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियां शामिल हैं।
इच्छुक संस्थाएं निर्धारित प्रपत्र में आवेदन 30 अप्रैल 2026 तक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना में कार्यालयीन समय के दौरान जमा कर सकती हैं।



