भंवरपुर से हुआ नेटवर्क का खुलासा जिसके बाद
IPL सट्टा सिंडिकेट को 5 थाना क्षेत्रों में दबिश, 9 बड़े बुकी को गिरफ्तार किया गया 3 फरार है ।
महासमुंद, बसना, पिथौरा, सांकरा, सरायपाली
16 अप्रैल 2026।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक जिला महासमुंद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़े IPL सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया गया है।
थाना बसना, पिथौरा, सांकरा, सरायपाली एवं भंवरपुर में पुलिस टीमों द्वारा एक साथ दबिश दी गई। इस कार्रवाई में पुलिस की 5 पृथक-पृथक टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सट्टा सिंडिकेट के 9 मुख्य खिलाड़ियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, चौकी भंवरपुर पुलिस द्वारा भंवरपुर चौक से गिरफ्तार ऑनलाइन सटोरिए योगेश्वर देवांगन से पूछताछ के दौरान एक बड़े सट्टा नेटवर्क का
खुलासा हुआ। आरोपी के मेमोरेंडम कथन में महासमुंद जिले के 11 अन्य बड़े सटोरियों के नाम सामने आए। इस खुलासे के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अलग-अलग टीमों का गठन कर नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए भंवरपुर, बसना, पिथौरा और सांकरा में ताबड़तोड़ दबिश दी गई।
इस सुनियोजित कार्रवाई में 9 मुख्य आरोपी, जो ऑनलाइन IPL सट्टा खेलने और खिलाने के अवैध कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल थे, को गिरफ्तार किया गया। वहीं 3 आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही उनके बैंक खातों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 11 मोबाइल फोन (iPhone, Vivo, Oppo) जप्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए है। मोबाइल फोन की जांच में PhonePe और UPI के माध्यम से 3 लाख रुपए से अधिक के ऑनलाइन सट्टा लेन-देन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं।
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना बसना में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। साथ ही प्रकरण में संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
योगेश्वर देवांगन (निवासी भंवरपुर)
नरेंद्र पटेल (निवासी भंवरपुर)
उमाशंकरपति (निवासी बारपेलाडीह थाना बसना)
शरीफ खान (निवासी वार्ड क्र. 14, आदर्श नगर, बसना)
पार्थो डे (निवासी वार्ड नं. 05, बसना)
रवि अग्रवाल (निवासी पिथौरा)
बाबूलाल मानिकपुरी (निवासी नवरंगपुर)
नोहर राम पटेल (निवासी सांकरा)
राजा माटा (निवासी पिथौरा)
जप्त संपत्ति:
कुल 11 मोबाइल फोन, कीमत लगभग 1,10,000 रुपए
UPI के माध्यम से प्राप्त 3 लाख रुपए से अधिक का ऑनलाइन सट्टा लेन-देन रिकॉर्ड
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा या जुआ गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की सूचना गुप्त रूप से “शिकायत हेल्प डेस्क- संवाद” व्हाट्सएप मोबाइल नंबर 9479229939 पर तत्काल दें, ताकि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।



