तेंदुकोना: मोबाइल पर नकली बातचीत कर चाबी हथियाई, चाबी का पता पूछते-पूछते पहुंचा लॉकर तक, 10 लाख के गहने गायब अलमारी से 10 लाख के जेवर ले उड़ा
महासमुंद, थाना तेंदूकोना क्षेत्र के ग्राम बगारपाली में दिनदहाड़े ठगी व चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात शातिर ने घर पहुंचकर खुद को परिचित बताकर बुजुर्ग को झांसे में लिया और अलमारी से करीब 10 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात पार कर दिया।
प्रार्थी ओमप्रकाश ठाकुर (पिता– नोहरसिंह ठाकुर), निवासी ग्राम बगारपाली पोस्ट-घोंच ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर आया। उस समय घर पर उनके पिता मौजूद थे। आरोपी ने कहा कि “आपके बेटे ने 12 क्विंटल सरिया मंगाया है, 8 क्विंटल यहां रखना है और 4 क्विंटल मैं रखूंगा” और पैसे की मांग करने लगा। इसके बाद उसने मोबाइल पर बात करने का नाटक करते हुए कहा कि “अलमारी के ऊपर चाबी है… नहीं, अंदर वाले कमरे में दूसरी अलमारी में पैसा है… चाबी गद्दे के नीचे है।” इस तरह वह खुद ही चाबी खोजने लगा और गद्दे के नीचे से चाबी निकाल ली।
आरोपी ने बुजुर्ग को पूरी तरह गुमराह कर अलमारी का लॉकर खोल लिया और उसमें रखे सोना-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान में सोने का हार (14.760 ग्राम), रानी हार (22 ग्राम), 10 बड़े लॉकेट (10 ग्राम), 5 छोटे लॉकेट (5 ग्राम), झुमका (15 ग्राम), अंगूठी (5 ग्राम), बाली (2 ग्राम) तथा चांदी के पायल (बड़ा 300 ग्राम, छोटा 150 ग्राम), करधन (300 ग्राम) और 4 नग बिछिया शामिल हैं। कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना तेंदूकोना में प्रार्थी की लिखित शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है



