बसना: अंकोरी टांडा–बिरसिंगपाली मार्ग बदहाल: टूटी पुलिया से हादसे का खतरा, सभापति प्रकाश सिन्हा ने सौंपा ज्ञापन
बसना। जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क और पुलिया की जर्जर स्थिति अब ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। मार्ग पर बनी पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जबकि सड़क भी कई जगहों से उखड़ गई है। मामले को लेकर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं अंकोरी क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए बसना विधायक एवं कलेक्टर महासमुंद को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में क्षेत्र में आयोजित एक कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सभापति प्रकाश सिन्हा की नजर अंकोरी टांडा–बिरसिंगपाली मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया पर पड़ी। उन्होंने मौके पर रुककर सड़क एवं पुलिया का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर समस्या की जानकारी ली। इस दौरान ग्राम सरपंच मिश्रा दीप, मुरली नायक, महेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे आवागमन जोखिमभरा हो गया है। विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है और कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं।
स्थिति यह है कि ग्रामीणों ने पुलिया के पास पत्थर रखकर अस्थायी रास्ता बनाया है और जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। वहीं सड़क की हालत भी बेहद खराब हो चुकी है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के संचालन में भारी दिक्कत हो रही है।
बताया जा रहा है कि यह मार्ग बसना–पदमपुर मुख्य सड़क से ग्राम अंकोरी होते हुए लगभग 4 किलोमीटर अंदर स्थित महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया एवं सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में दोनों गांवों का संपर्क पूरी तरह बाधित हो सकता है।
सभापति प्रकाश सिन्हा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की मांग भी की है। उन्होंने बताया कि मार्ग पर लगा सूचना बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे निर्माण एजेंसी और लागत संबंधी जानकारी तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं विधायक द्वारा जनहित को देखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई जाएगी।



