महासमुंद: छड़-सीमेंट के नाम पर 10 से अधिक वारदातों का खुलासा, चोरी के ज्वेलर्स पिथौरा-भंवरपुर में बेचा, 32 लाख से ज्यादा की संपत्ति बरामद
फरार आरोपी पंजाब से लौटकर महासमुंद में देता रहा चोरी की घटनाओं को अंजाम
महासमुंद। महासमुंद पुलिस को एक शातिर चोर को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। आरोपी घर के बाहर एकत्रित ईंट-गिट्टी एवं घर बनाने का काम चलता देख उसी घर को निशाना बनाता था। आरोपी घर में छोटे बच्चे या बुजुर्ग व्यक्ति होने पर ही चोरी की घटना को अंजाम देता था और सूने मकान में कभी चोरी नहीं करता था।
आरोपी कम कीमत में छड़-सीमेंट देने का लालच देकर घर में प्रवेश करता था और फिर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग ज्वेलरी दुकान संचालकों को बेचे गए चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी 10 से अधिक चोरी के प्रकरणों में शामिल रहा है तथा आरोपी एवं ज्वेलरी संचालकों से शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली गई है। बरामद संपत्ति में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण 163.310 ग्राम कीमत 25 लाख 52 हजार 200 रुपए तथा विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण 02 किलो 585.94 ग्राम कीमत 6 लाख 41 हजार 700 रुपए शामिल हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल कीमत 30 हजार रुपए और एक मोबाइल कीमत 15 हजार रुपए जब्त किया गया है। कुल जुमला बरामद संपत्ति की कीमत 32 लाख 38 हजार 900 रुपए बताई गई है।
प्रकरण में प्रार्थी ओमप्रकाश ठाकुर पिता नोहर सिंह ठाकुर उम्र 48 वर्ष निवासी ग्राम बगारपाली थाना तेंदूकोना जिला महासमुंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 08:09 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उसके घर आया और छड़ का पैसा मांगने लगा। इसी दौरान उसने आलमारी की चाबी स्वयं ढूंढकर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में एक सोने का हार, एक सोने का रानी हार, दस नग सोने का बड़ा लॉकेट, पांच नग सोने का छोटा लॉकेट, सोने का कान झुमका एक जोड़ी, सोने की अंगूठी, सोने की बाली एक जोड़ी, चांदी का बड़ा पायल एक जोड़ी, चांदी का छोटा पायल एक जोड़ी, चांदी का करधन एक नग एवं चांदी की बिछिया 04 नग शामिल थे, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई।
रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद पिता गणेश राम निषाद उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम चंदली थाना चंदरपुर जिला सक्ती छत्तीसगढ़ को पकड़ा गया। आरोपी के पास रखे सोने के जेवरात के संबंध में पूछताछ करने पर उसने ग्राम बगारपाली में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरात को बेचने के लिए वह खरियार रोड ओडिशा जा रहा था, लेकिन बाद में बेचने का मन नहीं होने पर वापस घर लौट रहा था।
गिरफ्तार आरोपी
पंचराम उर्फ पंचु निषाद पिता गणेश राम निषाद उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम चंदली थाना चंदरपुर जिला सक्ती छत्तीसगढ़।
बरामद संपत्ति
विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण 163.310 ग्राम कीमत 25,52,200 रुपए
विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण 02 किलो 585.94 ग्राम कीमत 6,41,700 रुपए
एक नग मोटरसाइकिल कीमत 30,000 रुपए
एक नग मोबाइल फोन कीमत 15,000 रुपए
कुल जुमला बरामद संपत्ति
32,38,900 रुपए
आरोपी के कब्जे से सोने के जेवरात, एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GJ 4107 एवं मोबाइल फोन जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कोमाखान, सांकरा, तेंदूकोना, सरायपाली, पिथौरा, बुंदेली एवं अन्य जगहों पर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी की संपत्ति को अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में बेचना भी कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पिथौरा पर जी.एस ज्वेलर्स तथा भंवरपुर कैलाश ज्वेलर्स से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं तम्मन्ना ज्वेलर्स एवं संतोष ज्वेलर्स के संचालकों से संपत्ति जब्त करना अभी शेष बताया गया है। पुलिस इनसे भी पूछ ताज कर सकती है चुकी चोरी के सामान खरीदना भी उतना ही अपराध है अब आगे देखना है
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। इनमें दुर्ग जिले के उतई, रनचिरई एवं जामगांव, धमतरी जिले के भखारा, अंडा एवं मगरलोड तथा जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ एवं बिर्रा थाना क्षेत्र शामिल हैं।
जांजगीर-चांपा के मामलों में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था, लेकिन इलाज के बहाने जिला अस्पताल जांजगीर-चांपा से फरार हो गया था। फरार होने के बाद आरोपी पंजाब भाग गया और वहां से लौटकर महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाहर भाग जाता था।
महासमुंद जिले में एक ही प्रकार की लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने पर पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।



