महासमुंद: महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी के नाम पर वसूली! सरायपाली-बसना के 4 CSC सेंटर ब्लॉक
महासमुंद, मई 2026। विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी कार्य में शुल्क वसूली की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच के बाद सरायपाली और बसना क्षेत्र के 4 सीएससी संचालकों की आईडी ब्लॉक कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना अंतर्गत महिला हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य सीएससी संचालकों के माध्यम से किया जा रहा है। मीडिया एवं अन्य माध्यमों से लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ सीएससी संचालक ई-केवाईसी के नाम पर महिलाओं से पैसे मांग रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर रायपुर से प्रोजेक्ट मैनेजर की टीम महासमुंद पहुंची और जांच की। जांच एवं प्राप्त शिकायतों के आधार पर ऐसे 4 सीएससी संचालकों की आईडी को महतारी वंदन योजना के कार्य से ब्लॉक कर दिया गया।
ब्लॉक किए गए सीएससी संचालकों में सरायपाली क्षेत्र के परशुराम रात्रे, राजू बरिहा और नरहरि कुमार शामिल हैं, जबकि बसना क्षेत्र से वृंदावती भोई की आईडी पर कार्रवाई की गई है।
जांच टीम ने स्पष्ट किया कि महतारी वंदन योजना का ई-केवाईसी कार्य पूरी तरह निःशुल्क है। यदि किसी ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय या अन्य माध्यम से शुल्क लेने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित सीएससी संचालकों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी आईडी निरस्त या बंद की जाएगी।
प्रशासन ने हितग्राहियों से अपील की है कि ई-केवाईसी के लिए किसी को भी राशि न दें और अवैध वसूली होने पर तत्काल शिकायत करें।



