सांकरा/ तेज रफ्तार बाइक ने बुज़ुर्ग को रौंदा, पैर की हड्डी टूटी – चालक पर मामला दर्ज
सांकरा | महासमुंद संतअन्ना चौक सांकरा में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल ने एक बुज़ुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल को पहले प्राथमिक उपचार और फिर बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलराम निषाद (32 वर्ष), निवासी बिजराभाठा थाना सांकरा, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 25 दिसंबर 2025 को उसके पिता गुणसागर निषाद गांव के मंगल सिंह सिदार के साथ संतअन्ना चौक स्थित होटल के सामने खड़े थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 CW 4675 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में गुणसागर निषाद के बाएं पैर के घुटने के नीचे गंभीर फ्रैक्चर हो गया, वहीं दाहिने हाथ में भी गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। तत्काल डायल 112 की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर ओम हॉस्पिटल रेफर किया गया।
घटना का प्रत्यक्षदर्शी गांव का मंगल सिंह सिदार बताया गया है। इलाज के बाद 2 जनवरी 2026 को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 125(a), 125(b) एवं 281 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
👉 पुलिस द्वारा वाहन चालक की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर सख्त कार्रवाई की तैयारी है।



