बसना/ छेरछेरा पर्व के दिन पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट में युवक घायल
बसना | थाना बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंदरपुर में छेरछेरा पर्व के दिन पारिवारिक विवाद के चलते मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित ग्रामीण ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम इंदरपुर निवासी पीड़ित (जो खेती-किसानी का कार्य करता है) ने बताया कि दिनांक 03 जनवरी 2026 की रात करीब 08 बजे, वह अपने बड़े भाई हेमसागर के दामाद राजेश पटेल को खाना खाने के लिए बुलाने उसके खेत स्थित झोपड़ी गया था। इस दौरान उसके साथ राकेश और मनोज भी मौजूद थे।
आरोप है कि राजेश पटेल को खाना खाने चलने के लिए कहने पर उसके पिता बालकराम पटेल और मोतीराम पटेल ने एकराय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, वहीं मोतीलाल द्वारा हाथ में रखे डंडे से पीड़ित के सिर पर वार किया गया। घटना में पीड़ित को सिर में चोट आई है तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मारपीट की इस घटना को मौके पर मौजूद राकेश, मनोज और राजेश पटेल ने देखा और सुना। पीड़ित द्वारा पारिवारिक सलाह-मशविरा के बाद आज थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जांच उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।



