बसना/बेलटिकरी में ‘श्री गोविंद भीमा गोपनाथ गौशाला’ का भव्य शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले — गौ-सेवा ही सनातन संस्कृति का आधार
बसना/बेलटिकरी। बसना ब्लॉक के ग्राम बेलटिकरी (बड़ेसाजापाली) में सोमवार को भक्ति, सेवा और संस्कारों के संगम के रूप में ‘श्री गोविंद भीमा गोपनाथ गौशाला’ का भव्य शुभारंभ विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि गौमाता केवल एक पशु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आध्यात्मिक चेतना की आधारशिला हैं। यह गौशाला केवल ईंट-पत्थरों का भवन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को करुणा, सेवा और सनातन संस्कारों से जोड़ने का केंद्र बनेगी।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यदि गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है, तो गौ-संरक्षण को प्राथमिकता देनी होगी। जैविक खेती, प्राकृतिक चिकित्सा और पर्यावरण संतुलन में गौमाता की भूमिका अतुलनीय है। यह गौशाला क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में हम अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं, लेकिन गौ-सेवा के माध्यम से ही प्रकृति और संस्कृति का संतुलन कायम रखा जा सकता है। उन्होंने बसना विधानसभा क्षेत्र में गौ-सेवा की चेतना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विधिवत गौ-पूजन किया। विधायक डॉ. अग्रवाल ने स्वयं गायों को गुड़ और चारा खिलाकर सेवा की शुरुआत की तथा गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संचालक समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



