बसना/ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की पहल से लकवाग्रस्त महिला को मुख्यमंत्री कोष से 5 लाख की सहायता
बसना। जनसेवा और संवेदनशीलता की मिसाल कायम करते हुए बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की पहल पर ग्राम बड़ेटेमरी की लकवाग्रस्त निर्धन महिला श्रीमती बसंती साव (पति प्रेमकुमार साव) के इलाज हेतु मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
श्रीमती बसंती साव लंबे समय से दोनों पैरों के पैरालिसिस से पीड़ित हैं। रायपुर के एम्स, मेकाहारा एवं श्री बालाजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनके पूर्ण इलाज हेतु लगभग 6.40 लाख रुपये का अनुमानित खर्च बताया था। भूमिहीन एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना संभव नहीं था, जिससे इलाज रुकने की स्थिति बन गई थी।
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर परिवार की स्थिति से अवगत कराया और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से विशेष सहायता का आग्रह किया। विधायक की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए 5 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी की सरकार संवेदनशील और अंत्योदय की भावना से प्रेरित है। “मेरे विधानसभा क्षेत्र का हर नागरिक मेरा परिवार है। किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। श्रीमती बसंती साव के बेहतर उपचार के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री से मिली इस सहायता से पीड़ित परिवार को नई उम्मीद मिली है। क्षेत्रवासियों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे सच्चे जनसेवक का उदाहरण बताया है।



