रायपुर चिरमिरी जिला अस्पताल में 8 करोड़ की लागत से शुरू हुई सीटी स्कैन सुविधा
अब मरीजों को जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूसरे शहर : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों के बीच मनाया जन्मदिन, अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलकर जाना हालचाल
रायपुर, 01 अक्टूबर 2026। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर चिरमिरी जिला अस्पताल में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सीटी स्कैन मशीन का विधिवत शुभारंभ किया। सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने से चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिली है। अब गंभीर बीमारियों एवं आपात परिस्थितियों में मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए दूसरे शहरों अथवा निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने अपना जन्मदिन मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच मनाया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने मरीजों को फल एवं अन्य सामग्री वितरित की। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से भी चर्चा कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली।
स्थानीय स्तर पर मिलेगी आधुनिक जांच की सुविधा
चिरमिरी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों की जांच अब स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को जांच के लिए अन्य शहरों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही उनके समय और अतिरिक्त आर्थिक खर्च की भी बचत होगी।
समय पर सीटी स्कैन जांच उपलब्ध होने से चिकित्सकों को बीमारी की स्थिति का पता लगाने और उपचार की दिशा तय करने में भी सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शासन का प्रयास सरकारी अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार करना है, ताकि आम नागरिकों को जांच और उपचार के लिए बड़े शहरों अथवा निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।
चिरमिरी के साथ आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी ने कोयला उत्पादन के माध्यम से लंबे समय तक देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से चिरमिरी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ चिरमिरी एवं एमसीबी जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी मिलेगा।
मरीजों के बीच जन्मदिन मनाकर दिया सेवा का संदेश
अपने जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि उन्होंने इस दिन को मरीजों और आम नागरिकों के बीच मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों से बातचीत की, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
चिरमिरी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में एक और महत्वपूर्ण सुविधा जुड़ गई है। स्थानीय स्तर पर आधुनिक जांच की सुविधा उपलब्ध होने से विशेषकर गंभीर एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।



