रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई
अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर 04 हाइवा और 05 ट्रैक्टर जब्त
महासमुंद, 07 अक्टूबर 2026। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप महासमुंद जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार विभाग का मैदानी अमला जिले में सक्रियता के साथ निगरानी एवं जांच अभियान संचालित कर रहा है। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही है।
इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम द्वारा 05 अक्टूबर 2026 को ग्राम बरबसपुर में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए 05 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को आगामी कार्रवाई के लिए थाना तुमगांव पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसी तरह 06 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि में ग्राम चिंगरौद में रेत के अवैध परिवहन की शिकायत प्राप्त होने पर खनिज विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान रेत से भरे 04 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों को थाना महासमुंद की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए सभी वाहनों के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित वाहन मालिकों एवं प्रकरणों पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग की टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।



