
महासमुंद जिले के बसना नगर में पालतू कुत्ते को खुले में छोड़ने से जुड़ा मामला सामने आया है। टिकरापारा में एक युवक पर कुत्ते ने हमला कर उसके पैर में काट लिया। पीड़ित की शिकायत पर बसना पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 291 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 13 टिकरापारा निवासी योगेश सेन (30), पिता बजरंग सेन, सैलून की दुकान संचालित करते हैं। 21 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय वह टिकरापारा स्कूल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सुभाष अग्रवाल (विनायक कलेक्शन वाले) के घर के सामने उनका पालतू काला कुत्ता सड़क पर खुला घूम रहा था। आरोप है कि कुत्ते ने अचानक योगेश पर हमला कर दिया और उनके दाहिने पैर में घुटने के नीचे काट लिया। हमले में उन्हें चोट आई और पैर से खून निकलने लगा।
पहले भी युवक को काट चुका है कुत्ता
योगेश ने अपनी शिकायत में बताया है कि इसी कुत्ते ने 7 नवंबर को मोहल्ले के मनोज बेहरा को भी दाहिने पैर में काटा था। इसके बावजूद कुत्ते को खुले में छोड़ने पर रोक लगाने या उसे सुरक्षित रखने की व्यवस्था नहीं की गई। घटना के बाद योगेश ने कुत्ते के मालिक से उसे बांधकर रखने की बात कही, ताकि मोहल्ले से गुजरने वाले अन्य लोगों को परेशानी और खतरा न हो।
अस्पताल में कराया उपचार, फिर थाने पहुंचे
कुत्ते के हमले के बाद घायल योगेश उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने एंटी रेबीज का टीका भी लगवाया। इसके बाद 23 नवंबर को बसना थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुभाष अग्रवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 291 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।




