कोमाखान/भिलाईदादर में मारपीट: शराब के नशे में गाली-गलौज कर युवक पर बांस की लाठी से हमला, रिपोर्ट दर्ज
भिलाईदादर (महासमुंद)। ग्राम भिलाईदादर में 26 सितंबर की रात करीब 7.30 बजे एक युवक पर गांव के ही व्यक्ति ने शराब के नशे में लाठी से हमला कर दिया। घटना में पीड़ित को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं तथा काफी खून बहा। घायल ने इलाज के बाद थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक गांव के कौशल ध्रुव की किराना दुकान में सामान लेने गया था। उसी दौरान गांव का आसकरण निराला शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। पीड़ित ने उसे मना किया तो आरोपी और भड़क गया और मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बगल में रखा बांस का डंडा उठाकर पीड़ित पर वार कर दिया।
हमले में युवक के सिर से खून बहने लगा और वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद दुकान मालिक कौशल ध्रुव, नरेश सबर और ग्राम खैरटखुर्द के पूर्व सरपंच मोहरसिंग ठाकुर ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। गंभीर हालत में पीड़ित को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज से छुट्टी मिलने के बाद 27 सितंबर को पीड़ित थाना पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पर धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 351(2)-BNS के तहत अपराध कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



