बसना/सरायपाली “रात के अंधेरे में पीछा… सरपंच पर हमला, हमलावरों की पहचान बाइक से खुली!”
बसना/सरायपाली। ग्राम पझरपाली के सरपंच हरिशंकर नेटी पर 06 दिसंबर 2025 की शाम अज्ञात मोटर साइकिल सवार दो युवकों ने हमला कर दिया। सरपंच अपने मोटर साइकिल से काम से सरायपाली से लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे जब वे ग्राम तोषगांव के नीलगिरी प्लांट के पास पहुँचे, तभी पीछे से एक मोटर साइकिल में सवार दो युवक आए और पीठ पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वे लड़खड़ा गए।
सरपंच हरिशंकर ने बताया कि हमला होने के बाद वे तेजी से मोटर साइकिल चलाते हुए सेतु बांध पठार की ओर बढ़े, लेकिन दोनों युवक वहाँ भी पीछे-पीछे पहुँच गए और रोकने की कोशिश की। सरपंच के न रुकने पर हमलावरों ने पीछे से डंडा फेंककर फिर हमला किया। भय के कारण सरपंच तेजी से अपने गांव पझरपाली पहुँचे।
ग्राम के बैरियर में कोटवार रेशम लाल नंद, गिरधारी ओगरे, हरिलाल नेटी और दीवाकर नेताम मिले, जिनको सरपंच ने पूरी घटना और हमलावरों का हुलिया बताया। तभी वही दोनों युवक मोटर साइकिल से वहाँ पहुँचते दिखे। सरपंच ने पहचानते हुए बताया कि यही दोनों रास्ते में हमला किए थे, जिसे सुनकर ग्रामीणों व सरपंच को देखकर दोनों युवक अपनी मोटर साइकिल कुछ दूरी पर छोड़कर भाग गए।
मोटर साइकिल क्रमांक CG06 GB 7923 हिरो स्प्लेंडर की जाँच करने पर पता चला कि यह ग्राम जटाकन्हार के सुकलाल नंद की है, जिसे उसी दिन उसके बेटे फगु नंद और गांव के केशव नंद द्वारा ले जाना बताया गया था। हमले में सरपंच के पीठ में चोटें आई हैं। सरपंच ने घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है। और आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है



