सरायपाली/अंधे मोड़ पर मौत का रहस्य! तेज रफ्तार बनी काल, बाइक सवार की दर्दनाक मौत
सरायपाली | थाना सरायपाली क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मामला मर्ग क्रमांक 103/2025 के तहत दर्ज किया गया है। मृतक की पहचान नरेन्द्र नायक पिता सोम सिंह नायक, निवासी चकरदा थाना सरायपाली के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे नरेन्द्र नायक अपने जीजा के घर ग्राम आंवलाचक्का से वापस अपने गांव चकरदा लौट रहा था। इसी दौरान दुलारपाली–जम्हारी मार्ग के बीच स्थित अंधा मोड़ पर उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GV 8996 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के अनुसार मृतक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना सरायपाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक द्वारा मौके की कार्रवाई कर मर्ग इंटीमेशन दर्ज किया गया। पंचनामा व गवाहों के बयान के आधार पर मामला धारा 106(1) बीएनएस के तहत दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों में घटना को लेकर शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग की सूचना एसडीएम सरायपाली को भी भेज दी है। एक पल की लापरवाही बनी जानलेवा, अंधे मोड़ पर टूटी जिंदगी की डोर।



