बसना/धान खरीदी में बड़ा खेल! पिरदा उपार्जन केंद्र में 130 बोरा घटिया धान खपाने की कोशिश, FIR दर्ज
महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरदा स्थित उपार्जन केंद्र में धान खरीदी को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर (छ.ग.) की शाखा पिरदा में पदस्थ शाखा प्रबंधक द्वारा थाना बसना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 30 दिसंबर 2025 की रात्रि लगभग 10:30 बजे, उपार्जन केंद्र पिरदा में रोहित पटेल (उपार्जन केंद्र प्रभारी) एवं मालती राइस मिल के संचालक द्वारा वाहन क्रमांक CG06GR8702 (मेटाडोर) से लगभग 130 बोरा पुराना व गुणवत्ताहीन धान लाकर स्टेकिंग किया जा रहा था। यह धान शासन की धान खरीदी नीति 2025-26 के स्पष्ट विरुद्ध पाया गया।
जांच में सामने आया कि उक्त धान खपाकर शासन एवं संस्था को लगभग 1 लाख 23 हजार रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया। मामले की संयुक्त जांच नायब तहसीलदार पिथौरा श्री ललित सिंह, मंडी उप निरीक्षक श्री पी.एस. विशाल एवं ग्राम कोटवार आकाश चौहान द्वारा की गई।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना बसना में धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले में आरोपी बनाए गए —
➡️ रोहित पटेल (उपार्जन केंद्र प्रभारी)
➡️ मालती राइस मिल के संचालक
पुलिस द्वारा मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।



