बसना /दीवानडीपा जंगल में पुलिस की दबिश, 30 लीटर महुआ शराब जब्त — आरोपी गिरफ्तार
बसना /थाना के अंतर्गत चौकी भंवरपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दीवानडीपा जंगल, ग्राम पुरुषोत्तमपुर से 30 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत लगभग 6000 रुपये आंकी गई है। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 जनवरी 2026 को चौकी भंवरपुर में पदस्थ प्र.आर. 597 राजेश कुमार सोनी हमराह स्टाफ के साथ जुर्म-जरायम पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दीवानडीपा जंगल में एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर आरोपी श्रीलाल निषाद (30 वर्ष) निवासी पुरुषोत्तमपुर को पकड़ा गया।
तलाशी में आरोपी के कब्जे से 20 लीटर और 10 लीटर की दो प्लास्टिक जरीकेन में कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी शराब रखने व बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। शराब को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया तथा आरोपी को 11:55 बजे गिरफ्तार किया गया। मामला अजमानतीय होने के कारण परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महासमुंद जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



