सांकरा/ रातों-रात किसान का सोलर पंप गायब, खेत से मोटर व केबल चोरी—थाने में FIR दर्ज
थाना सांकरा ग्राम भतकुंदा निवासी किसान शिवप्रसाद के खेत से अज्ञात चोरों ने सोलर सरफेस मोटर पंप और केबल वायर चोरी कर ली। पीड़ित ने इस संबंध में थाना सांकरा में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवप्रसाद पिता धोबीराम, जो खेती-किसानी का कार्य करते हैं, ने अपने कृषि कार्य हेतु खसरा नंबर 1271 में सौर ऊर्जा से संचालित 3 एचपी का सोलर सरफेस मोटर पंप तथा लगभग 25 फीट केबल वायर लगाया था। दिनांक 10 दिसंबर 2025 की मध्यरात्रि को अज्ञात चोरों ने खेत के नाले से मोटर पंप और केबल वायर चोरी कर ली।
सुबह खेत पहुंचने पर चोरी का पता चला। आसपास काफी खोजबीन के बावजूद चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पीड़ित ने 03 जनवरी 2026 को थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 303(2) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। मामला पिथौरा तहसील अंतर्गत महासमुंद जिले का है।
ग्रामीण क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से किसानों में चिंता बढ़ती जा रही है। किसानों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।



