तेन्दूकोना/ झोपड़ीनुमा दुकान में शराब पिलाने का भंडाफोड़, 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
तेन्दूकोना। थाना तेन्दूकोना क्षेत्र में अवैध शराब पिलाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा है। यह कार्रवाई दिनांक 04 जनवरी 2026 को टाउन एवं देहात पेट्रोलिंग के दौरान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना तेन्दूकोना में पदस्थ प्रधान आरक्षक हमराह स्टाफ आरक्षक 848 एवं 768 के साथ पेट्रोलिंग पर रवाना थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पण्डरीखार जाने वाले मार्ग पर स्थित एक झोपड़ीनुमा दुकान में एक व्यक्ति लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए गवाह खगेश विश्वकर्मा (निवासी तेन्दूकोना) एवं जुगेश्वर चक्रधारी (निवासी मुडागांव) को साथ लेकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस की घेराबंदी देखते ही शराब पीने वाले लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति मौके पर मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम लालूराम चौधरी पिता बलीराम चौधरी उम्र 62 वर्ष, निवासी नरतोरा, थाना पटेवा, जिला महासमुंद बताया। आरोपी के कब्जे से 180 एमएल की देशी प्लेन शराब की शीशी (लगभग 50 एमएल शेष), जिसकी कीमत लगभग 30 रुपये, तथा 02 नग डिस्पोजल गिलास बरामद किए गए।
पुलिस ने उक्त मशरूका को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त कर आरोपी को धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। मामला जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री व पिलाने के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



